चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पंजाब के मानसा जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। यह हादसा मानसा के गांव सरदूल्लेवाला के पास हुआ, जहां एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार में सवार सभी मृतक हरियाणा के सिरसा जिले के निवासी थे और एक ही परिवार से जुड़े हुए थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरसा निवासी अशोक कुमार अपनी पत्नी राधा देवी के साथ चंडीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। वापसी के दौरान अशोक की सास और साली भी उनके साथ सिरसा जाने के लिए कार में सवार हो गईं। जब उनकी कार सरदूल्लेवाला गांव के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में कार चालक संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अशोक कुमार, उनकी पत्नी और दो रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक और शवों को सिविल अस्पताल सरदूलगढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चालक की हालत नाजुक बताते हुए उसे सिरसा रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना सरदूलगढ़ के प्रभारी गणेश्वर कुमार शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजन विवेक कुमार के बयान के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।