चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: क्रिसमस के अवसर पर शहर में ट्राईसिटी चर्चिस एसोसिएशन की ओर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा रोमन कैथोलिक चर्च, चंडीगढ़ और शिमला के बिशप सहाया टी थॉमस तथा फादर प्रेमानंद एसोसिएशन के अध्यक्ष लॉरेंस मलिक के नेतृत्व में निकाली गई। शोभायात्रा सेक्टर-18 स्थित सीएनआई चर्च से शुरू होकर सेक्टर 19/27, 20/30, सेक्टर 20 और 21 की मार्केट, अरोमा लाइट प्वाइंट, सेक्टर 22/23, सेक्टर 24 की मार्केट होते हुए सेक्टर-25 के रैली ग्राउंड में संपन्न हुई। रास्ते भर विभिन्न सेक्टरों के निवासियों ने गर्मजोशी और सौहार्द के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां लोगों के लिए खास आकर्षण रहीं। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला के विभिन्न चर्चों ने यीशु मसीह के जन्म और उनके जीवन संदेशों को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों ने शांति और प्रेम का संदेश देते हुए कैरोल गाए और लोगों में टॉफियां बांटीं, जिससे पूरे माहौल में उत्सव और उल्लास का रंग भर गया।
इस मौके पर ट्राईसिटी चर्चिस एसोसिएशन के अध्यक्ष लॉरेंस मलिक ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह शोभायात्रा प्रेम, शांति और भाईचारे का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने यीशु मसीह के बलिदान और शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि हम उनके बताए रास्ते पर चलें, तो समाज और जीवन दोनों बेहतर बन सकते हैं। वहीं बिशप सहाया टी थॉमस ने कहा कि यीशु मसीह ने दुनिया को प्यार, नम्रता और इंसानियत की सीख दी और अपने जीवन से बदलाव का मार्ग दिखाया।
शोभायात्रा के दौरान शहर की विभिन्न मार्केट और रेसिडेंशियल एसोसिएशनों की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई थी। सेक्टर-24 में समाजसेवी रविंद्र सिंह बिल्ला की ओर से चाय, ब्रेड और पकौड़ों का लंगर लगाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने उत्साह से ग्रहण किया। कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक भोजन परोसा गया और सामूहिक प्रार्थना के साथ समारोह का समापन हुआ।