चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: स्टेट लेवल हॉकी खिलाड़ी 21 वर्षीय तानिया की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों में मुख्य आरोपी बुआ का नाबालिग बेटा और उसका एक साथी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को सेक्टर-25 स्थित जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-39 थाना में 5 मार्च को हत्या का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता रवि कुमार ने बताया कि सेक्टर-38 स्थित मकान नंबर 682/1 उनके दादा के नाम पर था। उनका आरोप है कि पिछले करीब 22 वर्षों से उनकी बहन टीना, उसका नाबालिग बेटा और अन्य रिश्तेदार जबरन उस मकान पर कब्जा किए हुए हैं, जिसको लेकर परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
घटना वाले दिन रवि कुमार की 21 वर्षीय बेटी तानिया अपनी बहन खुशी और भतीजे मानव के साथ मकान से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए वहां पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक नाबालिग ने तानिया की पीठ पर तेजधार चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। वहीं मानव पर भी लोहे के फावड़े से हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गया।
घायल तानिया को तुरंत जीएमएसएच-16 अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपितों ने शिकायतकर्ता की स्विफ्ट कार पर भी पथराव किया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो नाबालिगों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों के मुताबिक मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।