चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: शहर के दो निजी स्कूलों को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही स्कूल परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
एहतियातन फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एंबुलेंस को मौके पर तैनात किया गया। स्कूल के अंदर और आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई तथा एंटी-सैबोटाज जांच की गई। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि हाल के हफ्तों में चंडीगढ़ , अमृतसर , जालंधर , पटियाला और हरियाणा के कुछ हिस्सों के स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, जांच के बाद सभी मामलों को अफवाह या फर्जी पाया गया था।
कुछ दिन पहले पंजाब सिविल सेक्रेटेरिएट को भी बम धमकी वाला ईमेल मिला था। वहां भी सघन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। फिलहाल पुलिस साइबर एंगल से ईमेल की जांच कर रही है और धमकी भेजने वालों की पहचान करने का प्रयास जारी है।