चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी से वर्चुअली चंडीगढ़ के लिए 25 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। ये बसें पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत चंडीगढ़ के बेड़े में शामिल की गई हैं। नई 12 मीटर लंबी लो-फ्लोर एसी बसें एक बार चार्ज होने पर लगभग 224 किलोमीटर तक चल सकती हैं।
इन बसों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। 400 मिमी लो-फ्लोर डिज़ाइन से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को चढ़ने-उतरने में आसानी होगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए पावर ऑपरेटेड रैंप और इलेक्ट्रॉनिक नी-लिंग सिस्टम लगाया गया है। बस में 36 यात्रियों के बैठने की क्षमता, एक व्हीलचेयर स्पेस और 20 यात्रियों के खड़े होने की व्यवस्था है। साथ ही एयर सस्पेंशन, फ्रंट डिस्क ब्रेक और वॉयस एनाउंसमेंट सिस्टम भी मौजूद है।
सुरक्षा के लिहाज से बसों में दोनों दरवाजों पर पैसेंजर काउंटिंग कैमरे, पांच सीसीटीवी कैमरे, AIS-140 मानक जीपीएस डिवाइस, पैनिक बटन और स्टॉप रिक्वेस्ट बटन लगाए गए हैं। सभी बसें राज्य परिवहन प्राधिकरण के कमांड कंट्रोल सेंटर से जुड़ी हैं, जिससे निगरानी और संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
इन 25 नई बसों के शामिल होने के बाद चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 105 हो गई है। अप्रैल-मई तक 75 और बसें मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद यह संख्या 180 तक पहुंच जाएगी। वित्त वर्ष 2027-28 के अंत तक ट्राइसिटी क्षेत्र में चलने वाली सभी डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों से बदलने का लक्ष्य रखा गया है।